कर्नाटक में भाजपा युवा मोर्चा के एक कार्यकर्ता की हत्या का मामला सामने आया। यह घटना राज्य के दक्षिण कन्नड़ जिले में मंगलवार देर शाम को हुई। जब कुछ अज्ञात हमलावरों ने अचानक उनपर हमला किया। मेंगलुरु में मोटरसाइकिल पर आए अज्ञात हमलावरों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक स्थानीय युवा पदाधिकारी की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने आज इस घटना की जानकारी दी।
इस घटना के बाद शहर में तनाव व्याप्त हो गया है और विश्व हिंदू परिषद ने हत्या की निंदा करने के लिए कुछ तालुकों में बंद का आह्वान किया है।पुलिस भाजपा युवा मोर्चा की जिला कार्यकारी समिति के सदस्य प्रवीण नेत्तारू की हत्या की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या हत्यारे पड़ोसी राज्य केरल से आए थे।
अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया
पुलिस ने बताया कि दक्षिण कन्नड़ जिले के बेल्लारे का रहने वाला नेत्तारू मंगलवार देर शाम को अपनी दुकान अक्षय पॉल्ट्री फार्म बंद करने के बाद घर जा रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। उसने बचकर भागने की कोशिश की लेकिन सिर पर वार किए जाने के कारण वह जमीन पर गिर गया।
स्थानीय निवासियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और खून से लथपथ नेत्तारू को अस्पताल लेकर गयी, जहां चिकित्सकों ने बताया कि अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो गयी है।दक्षिण कन्नड़ ग्रामीण जिले के पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश भगवान सोनवाने ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जांच चल रही है, हालांकि, अभी कोई सुराग नहीं मिला है।
कई हिंदू संगठनों ने अस्पताल के सामने विरोध प्रदर्शन किया
हमलावरों के केरल से आने की संभावना पर अधिकारी ने कहा, ‘‘ऐसा हो सकता है। हम विभिन्न पहलुओं पर काम कर रहे हैं। हम इसकी जांच कर रहे हे।।’’इस घटना के बाद भाजपा और कई हिंदू संगठनों ने अस्पताल के सामने विरोध प्रदर्शन किया। विहिप ने बुधवार को जिले के कदाबा, सुलिया और पुत्तुर तालुकों में बंद का आह्वान किया है।
पुलिस ने हमलावरों को पकड़ने के लिए चार दल गठित किए हैं। उडुपी और दक्षिण कन्नड़ जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बलों की तैनाती की गयी है।पुलिस को संदेह है कि प्रतिशोध के कारण यह हत्या की गयी होगी क्योंकि कुछ दिनों पहले क्षेत्र में एक युवक की हत्या हुई थी।


Download Android App
Download iOS App



