कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने शुक्रवार को संकेत दिया कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राज्य का दौरा करने के बाद वह मंत्रिमंडल में शामिल किए गए नए सात मंत्रियों को विभाग आवंटित कर सकते हैं। हालांकि उन्होंने विभागों के पुन: आवंटन को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की।
येदियुरप्पा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘अमित शाह के दौरे के बाद विभाग आवंटित करने की योजना है… अगर संभव हुआ तो हम इसे पहले करेंगे।’’विभागों के पुन: आवंटन के सवाल पर उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की।
उन्होंने कहा, ‘‘ अमित शाह कल आ रहे हैं, उनके साथ मैं भद्रावती जाऊंगा और वहां से हम वापस बेंगलुरु आएंगे और फिर उसके अगले दिन हम बेलगावी जाएंगे।’’ शाह 16 और 17 जनवरी को कर्नाटक के दौरे पर आ रहे हैं और इस दौरान वह शिमोगा, बेलगावी, बागलकोट और बेंगुलरु में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री ने 17 महीने पुराने अपने मंत्रिमंडल में बुधवार को विस्तार करते हुए सात नए मंत्रियों को शामिल किया जबकि आबकारी मंत्री एच. नागेश को कैबिनेट से बाहर किया गया। विस्तार के दौरान मंत्री बनने की इच्छा रखने वाले कुछ विधायकों को पद नहीं मिलने के बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपनी नाराजगी जाहिर की।


Download Android App
Download iOS App



