बेंगलुरु : मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने बृहस्पतिवार को कहा कि 2022 तक सभी को ‘मकान उपलब्ध कराने’ की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृष्टि के मद्देनजर कर्नाटक सरकार ने गरीबों के लिए करीब दो लाख आवासीय इकाइयां तैयार करने के लिए यहां 1000 एकड़ जमीन की पहचान की है।
वित्त विभाग के अधिकारियों के साथ लंबी बैठक के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ यह प्रधानमंत्री की इच्छा है.. कि अगले तीन-चार सालों में सभी के पास मकान हो। इस संबंध में हमने बेंगलुरु में 10-12 मंजिला इमारत बनाने का निर्णय लिया है।’’
उन्होंने कहा कि आवास विभाग यह परियोजना पूरा करेगा और इन मकानों में लिफ्ट और अन्य सुविधाएं भी होंगी। यह गुजरात और कुछ अन्य राज्यों की परियोजनाओं की तर्ज पर होगी। उन्होंने कहा, ‘‘ एक हफ्ते बाद, मैं तीन स्थानों का निरीक्षण करूंगा। इस साल हमने दो लाख मकानों का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसे पूरा करने के लिए हमने 1000 एकड़ जमीन की पहचान कर ली है।’’


Download Android App
Download iOS App



