नई दिल्ली : कर्नाटक के बीदर ज़िले के मुरकी में बच्चा चोरी की अफ़वाह के चलते एक शख़्स की मौत हो गई और 3 लोग घायल हुए। बताया जा रहा है कि तीन लोग हैदराबाद से अपने दोस्त से मिलने के लिए मुरकी आए थे। इनमें से एक शख़्स वहां बच्चों को चॉकलेट बांटने लगा। तभी वाट्सएप पर ये अफ़वाह फैल गई। इसके बाद गांव वालों और उन तीन लोगों के बीच बहस हो गई। ख़तरे की आशंका को देखते हुए तीनों लोग कार से जाने लगे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से कार की टक्कर हो गई और बाइक चला रहा शख़्स और कार गड्ढे में चली गई। चार सिपाही उन्हें बचाने के लिए आए लेकिन गांव वालों ने उन्हें रोक दिया। डेढ़ घंटे बाद एसपी वहां पहुंचे, उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम के मुताबिक एक शख़्स की मौत इलाज में देरी से हुई। जिस वाट्सएप ग्रुप से अफ़वाह फैली थी उसके एडमिन मनोज कुमार और ग्रुप के मेंबर अमर पाटिल को गिरफ़्तार कर लिया गया है।
आपको बता दें कि पिछले दिनों ही महाराष्ट्र के धुले जिले में ग्रामीणों ने बच्चा चोरी करने वाले गिरोह का सदस्य होने के संदेह में पांच लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। धुले में साकरी तहसील के राइन पाड़ा गांव में 5 अनजान लोगों को संदिग्ध अवस्था में देख गांव वालों को शक हुआ कि ये बच्चा चोर हो सकते हैं। इसके बाद गांव वालों ने उन्हें पहले ईंट-पत्थर से मारा और फिर कमरे बंद कर बेरहमी से पीटा। कमरे में इतना मारा गया कि इसी जगह पर पांचों ने दम तोड़ दिया था, तो वहीं गुजरात के अहमदाबाद में भी हाल ही में बच्चा चुराने के शक में भीड़ ने 40 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।


Download Android App
Download iOS App



