दिल्ली की सड़कों पर कृषि कानूनों को लेकर मचे घमासान के बीच केरल विधानसभा में सर्वसम्मति से तीनों विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। लेकिन एक अप्रत्याशित घटना तब हुई जब बीजेपी के एकमात्र विधायक ओ राजगोपाल ने सदन में इस प्रस्ताव का समर्थन किया।
सत्र के बाद राजगोपाल ने पत्रकारों से कहा, ‘‘प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। मैंने कुछ बिंदुओ (प्रस्ताव में) के संबंध में अपनी राय रखी, इसको लेकर विचारों में अंतर था जिसे मैंने सदन में रेखांकित किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने प्रस्ताव का पूरी तरह से समर्थन किया।’’ जब राजगोपाल का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया कि प्रस्ताव में तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग की गई है, तब भी उन्होंने प्रस्ताव का समर्थन करने की बात कही।
राजगोपाल ने कहा, ‘‘मैंने प्रस्ताव क समर्थन किया और केंद्र सरकार को तीनों कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि वह सदन की आम राय से सहमत हैं।’’ राजगोपाल ने कहा कि यह लोकतांत्रिक भावना है। जब राजगोपाल से कहा गया कि वह पार्टी के रुख के खिलाफ जा रहे हैं तो उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक प्रणाली है और हमें सर्वसम्मति के अनुरूप चलने की जरूरत है। हालांकि, विशेष सत्र के दौरान सदन में राजगोपाल ने चर्चा के दौरान कहा था कि नए कानून किसानों के हितों की रक्षा करेंगे और बिचौलियों से बचा जा सकेगा।


Download Android App
Download iOS App



