केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने गुरुवार को दिग्गज तेलुगू अभिनेत्री और फिल्म निर्माता जी. विजया निर्मला के निधन पर शोक व्यक्त किया। 75 साल की उम्र में उनका निधन हैदराबाद में तड़के हुआ। विजया निर्मला ने अपने करियर की शुरुआत बतौर बाल कलाकार से की थी। महज पांच साल की उम्र में साल 1950 में तमिल फिल्म ‘मच्चा रेकाई’ से उन्होंने एक्टिंग में अपना डेब्यू किया और इसके चार साल बाद फिल्म ‘पांडुरंग महाथयाम’ से उन्होंने तेलुगू फिल्म के क्षेत्र में कदम रखा।
साल 1964 में आई मलयालय फिल्म ‘भार्गवी निलयम’ से वह लोगों के बीच मशहूर हुईं। इसके बाद मशहूर मलयालय कलाकार प्रेम नजीर के साथ ‘उद्योगस्था’ में काम करने का उन्हें दोबारा मौका मिला। केरल के मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि फिल्म ‘भार्गवी निलयम’ में उनके चरित्र ‘भार्गविकुट्टी’ को कोई कभी भुला नहीं सकता और मलयाली भी उन्हें मलयालम में पहली महिला निर्देशक के तौर पर हमेशा याद रखेंगे जब उन्होंने ‘कविता’ का निर्देशन किया था।
विजया निर्मला ने 44 फिल्मों का निर्देशन किया। साल 1971 में तेलुगू फिल्म ‘मीना’ से उन्होंने निर्देशन के क्षेत्र में कदम रखा। एक फिल्म निर्माता के तौर पर उन्हें शिवाजी गणेशन और रजनीकांत जैसे चर्चित कलाकारों को निर्देशित करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने तेलुगू में ‘अमर अकबर एंथनी’ के रीमेक का भी निर्देशन किया था, जिसमें उनके पति कृष्णा भी थे।


Download Android App
Download iOS App



