Kerala Election 2026 Rahul Gandhi Guarantees: केरल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने तिरुवनंतपुरम में पार्टी की ओर से पांच बड़ी गारंटियों का ऐलान किया। इन घोषणाओं का उद्देश्य राज्य में सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना, परिवारों को आर्थिक राहत देना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना बताया गया है।
कांग्रेस का कहना है कि अगर राज्य में उनकी सरकार बनती है तो इन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा। पार्टी ने खासतौर पर महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की है, जिससे आम लोगों को सीधे फायदा मिल सके।
Kerala Election 2026 Rahul Gandhi Guarantees: महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा और छात्राओं को आर्थिक सहायता

कांग्रेस की गारंटी के तहत महिलाओं को बड़ी राहत देने का वादा किया गया है। योजना के अनुसार महिलाओं को राज्य की सरकारी बस सेवा Kerala State Road Transport Corporation की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं को पढ़ाई में मदद देने के लिए हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का भी प्रस्ताव रखा गया है। पार्टी का मानना है कि इससे छात्राओं की पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी और परिवारों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा।
Kerala Assembly Election 2026: सामाजिक पेंशन बढ़ाकर 3,000 रुपये करने का प्रस्ताव

कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के लिए दी जाने वाली सामाजिक कल्याण पेंशन में भी बढ़ोतरी का वादा किया गया है। कांग्रेस ने घोषणा की है कि पेंशन की राशि बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रति माह की जाएगी। पार्टी का कहना है कि इस कदम से गरीब, दिव्यांग और अन्य जरूरतमंद लोगों को बेहतर आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी और उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में सहूलियत होगी।
Rahul Gandhi 5 Guarantees Kerala: हर परिवार को 25 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए कांग्रेस ने एक नई स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। इस योजना का नाम दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री Oommen Chandy के नाम पर रखा गया है। इस योजना के तहत राज्य के हर परिवार को 25 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा कवर देने की बात कही गई है। कांग्रेस का मानना है कि इससे गंभीर बीमारियों के इलाज का खर्च उठाने में लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
युवाओं को मिलेगा 5 लाख तक का ब्याज मुक्त लोन
रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए युवाओं के लिए भी खास योजना का ऐलान किया गया है। इसके तहत अपना व्यवसाय शुरू करने वाले युवाओं को 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण देने की योजना बनाई गई है। पार्टी का कहना है कि इससे युवा अपने स्टार्टअप शुरू कर सकेंगे और राज्य में नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इससे केरल की अर्थव्यस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
बुजुर्गों के लिए बनेगा अलग विभाग
कांग्रेस ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी विशेष योजना का ऐलान किया है। पार्टी ने कहा है कि बुजुर्गों के कल्याण और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक अलग विभाग बनाया जाएगा। इस विभाग का उद्देश्य बुजुर्गों से जुड़ी समस्याओं का समाधान करना और उनके सम्मानजनक जीवन को सुनिश्चित करना होगा। राहुल गांधी ने कहा कि ये सभी गारंटियां केरल के सामाजिक ढांचे को मजबूत करने और आम लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।


Download Android App
Download iOS App




