अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने उनकी सरकार की नीतियों और प्रदर्शन में भरोसा बनाए रखने और हाल ही में विधानसभा चुनाव में भाजपा के 41 विधायकों को चुनने के लिए शनिवार को राज्य के लोगों का आभार जताया।
भाजपा ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 41 सीटें जीती जबकि जनता दल (यूनाइटेड) ने सात, नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) ने पांच, कांग्रेस ने चार, पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल ने एक और निर्दलीयों ने दो सीटें जीती। खांडू ने यहां एक बयान में ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करते हुए’’ भारी अंतर से दो भाजपा सांसदों को चुनने के लिए भी लोगों का आभार जताया।
उन्होंने कहा, ‘‘यह नरेंद्र मोदी का सुशासन और नीतियां हैं जिसने हमारे लोगों के विचारों को प्रज्ज्वलित किया और ‘फिर एक बार मोदी सरकार’ के लिए वोट किया।’’
उन्होंने लोगों के भारी जनादेश को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की विकास की विचारधारा और मोदी तथा पार्टी प्रमुख अमित शाह के मजबूत नेतृत्व से लोकसभा चुनाव में सफलता मिली। सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए खांडू ने कहा कि अब एक मजबूत, स्थायी और प्रतिबद्ध सरकार है जो यह सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी कि राज्य चौतरफा विकास की अभूतपूर्व ऊंचाइयों को हासिल करें।


Download Android App
Download iOS App



