कोझिकोड : केरल के कोझिकोड में हवाई अड्डे पर उतरने के दौरान एयर इंडिया के एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से जान गंवाने वाले 18 यात्रियों में से एक व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित था। यह विमान दुबई से आ रहा था।
केरल के उच्च शिक्षा मंत्री के टी जलील ने संवाददाताओं को बताया कि 45 वर्षीय यात्री सुधीर वरयथ के नमूने को जांच के लिए भेजा गया था और उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
स्वास्थ्य मंत्री के के शैलजा ने कहा कि बचाव कार्य में लगे सभी कर्मचारियों को स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करना चाहिए और एहतियातन स्व पृथक-वास में जाने के साथ अपनी कोविड-19 जांच कराना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार की रात 190 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर दुबई से आ रहा विमान उतरने के दौरान रनवे से फिसल कर 35 फुट गहरी खाई में गिर गया था। विमान के दो टुकड़े हो गए थे। मलप्पुरम के जिलाधिकारी के गोपालकृष्णन ने बताया कि विभिन्न अस्पतालों में भर्ती 16 लोगों की हालत गंभीर है।


Download Android App
Download iOS App



