पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने के लिए रखी गई शोक सभा में भाजपा शासित छत्तीसगढ़ के दो मंत्रियों के कथित तौर पर हंसते हुए दिखने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में राज्य के कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर को मंच पर बैठे हुए एक दूसरे से बात करते और हंसते हुए देखा जा सकता है।
यह सभा कल भाजपा के दिवंगत कद्दावर नेता की अस्थियों को यहां की बड़ी नदियों में प्रवाहित करने के लिए लाए जाने के बाद रखी गई थी। राज्य की भाजपा इकाई के अध्यक्ष धर्मलाल कौशिक को चंद्राकर का हाथ पकड़ते हुए उन्हें नहीं हंसने का इशारा करते हुए देखा जा सकता है। मुख्यमंत्री रमन सिंह भी सभा में मौजूद थे।
वाजपेयी की प्रार्थना सभा में बोले आडवाणी- उनकी गैर-मौजूदगी में बोलने पर बहुत दुखी हूं
सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होने के बाद विपक्षी कांग्रेस ने दोनों मंत्रियों पर हमला बोला। कांग्रेस की राज्य इकाई के महासचिव शैलेष नितिन त्रिवेदी ने कहा, ”भाजपा का शीर्ष नेतृ्त्व अटल जी के जिंदा रहने के दौरान उन्हें नजरअंदाज करता रहा। अब भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की इस हरकत से साफ हो जाता है कि वह दिग्गज नेता का कितना सम्मान करते हैं।” त्रिवेदी ने लिखा, ”यह हरकत अत्यंत आपत्तिजनक है।”
उन्होंने कहा, ”अगर भाजपा नेता अटल जी का सम्मान नहीं कर सकते तो उन्हें कम से कम अपमानित तो नहीं करना चाहिए। अटल जी के निधन के बाद भाजपा और रमन सिंह का उनके प्रति प्यार और सम्मान का भाव बस एक नाटक है।” राज्य की भाजपा इकाई के अध्यक्ष कौशिक या पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से प्रतिक्रिया के लिए संपर्क नहीं किया जा सका।


Download Android App
Download iOS App



