महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने बृहस्पतिवार को कहा कि महाराष्ट्र सरकार कोविड-19 टीकाकरण प्रमाणपत्रों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर नहीं हटाएगी, लेकिन राज्य को नागरिकों के पंजीकरण के लिए अपना खुद का सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन डिजाइन करने की अनुमति दी जानी चाहिए।
वीडियो के रूप में जारी एक बयान में, अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मलिक ने केंद्र सरकार के कोविन ऐप के उपयोग में तकनीकी दिक्कतें आने का दावा किया, जिससे लोगों को खुद को पंजीकृत करने में कठिनाई हो रही है। यह ऐप देशव्यापी टीकाकरण अभियान की डिजिटल आधार है।
उन्होंने कहा कि पंजीकरण के बाद टीकाकरण किया जा रहा है। (कोविन) ऐप क्रैश हो जा रहा है… हमने मांग की है कि राज्य को अपना अलग सिस्टम (ऐप) डिजाइन करने की अनुमति दी जाए ताकि हम ऐप और अन्य माध्यमों से पंजीकरण करके लोगों को टीका लगा सकें।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता मलिक ने कहा कि केंद्र ने अभी तक राज्य को अपना ऐप विकसित करने की अनुमति नहीं दी है। देश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में अब तक कोविड-19 के 1,91,73,383 टीके लगाए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



