गुजरात में 81 नगरपालिकाओं, 31 जिला पंचायतों एवं 231 तालुका पंचायतों में चुनाव के लिए 36,000 केन्द्रों पर रविवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। विभिन्न दलों के नेता और मतदाता सुबह ही मतदान केन्द्रों पर पहुंच रहे हैं। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। केन्द्रीय पंचायती राज मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला ने अमरेली के एक मतदान केन्द्र में अपना वोट डाला वहीं भाजपा के राज्यसभा सदस्य जुगलजी ठाकोर ने मेहसाणा में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार राज्य में 81 नगरपालिकाओं, 31 जिला पंचायतों एवं 231 तालुका पंचायतों में कुल 8,474 सीटें हैं, जिनमें से 237 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं वहीं तालुका पंचायत की 2 सीटों के लिए किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया था। आयोग ने कहा कि इस प्रकार से कुल 8,23 सीटों के लिए मतदान हो रहे हैं जिसमें भाजपा ने 8,161 उम्मीदवार, कांग्रेस ने 7,778, आम आदमी पार्टी ने 2,090, उम्मीदवार खड़े किए हैं।
इस बार गुजरात के स्थानीय निकाय चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन(एआईएमआईएम) भी मैदान में है। तालुका पंचायतों की 2 सीटों और नगरपालिका की 24 सीटों के लिए उपचुनाव भी हो रहे हैं। इन चुनावों में कुल 3.04 करोड़ मतदाता अपने मताधिकारों का इस्तेमाल कर सकेंगे। स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान के लिए राज्य रिजर्व पुलिस और सीएपीएफ की 12 कंपनियों सहित 44,000 से अधिक पुलिसकर्मियों के अलावा होमगार्ड के 54,000 जवानों को तैनात किया गया है। मतगणना 2 मार्च को होगी।


Download Android App
Download iOS App



