लॉकडाउन : अरुणाचल प्रदेश में सरकार ने शराब पर लगाया 25 फीसदी सेस

Summary :

एक सरकारी आदेश में कहा गया है, ‘‘सभी उत्पाद शुल्क संग्रहकर्ता 25 फीसद उपकर मिलने के बाद ही थोक विक्रेताओं से खुदरा विक्रेताओं तक माल ले जाने के लिए परमिट जारी करेंगे।’’ यह उपकर आईएमएफल, बीयर, आयातित शराब आदि पर लागू है।

कोरोना वायरस के चलते देशभर में लॉकडाउन जारी है। लॉकडाउन के कारण तमाम राज्यों को आर्थिक संकट से गुजरना पड़ रहा है। राज्य के पास राजस्व की कमी हो रही है। हालांकि, लॉकडाउन के तीसरे चरण में केंद्र सरकार ने शराब की दुकानें खोलने की अनुमति दे दी है, जिससे राज्य सरकारों को काफी फायदा होता दिख रहा है। इस बीच, अरुणाचल प्रदेश ने शनिवार से शराब पर 25 फीसद उपकर (सेस) लगाने का निर्णय लिया है। कर एवं कराधान सचिव अनिरूद्ध एस सिंह ने कहा कि अतिरिक्त उपकर से राज्य के सरकारी खजाने में हर माह 70 करोड़ रुपये आएंगे।
एक सरकारी आदेश में कहा गया है, ‘‘सभी उत्पाद शुल्क संग्रहकर्ता 25 फीसद उपकर मिलने के बाद ही थोक विक्रेताओं से खुदरा विक्रेताओं तक माल ले जाने के लिए परमिट जारी करेंगे।’’ यह उपकर आईएमएफल, बीयर, आयातित शराब आदि पर लागू है।
इस बीच अरुणाचल प्रदेश सरकार ने सभी सरकारी विद्यालयों में गर्मी की छुट्टी 31 मई तक के लिए बढ़ा दी है। राज्य में 31 साल का एक व्यक्ति कोविड-19 से संक्रमित पाया गया था जिसे स्वस्थ होने के बाद 17 अप्रैल को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।
बता दें, देशभर में कोरोना का कोहराम मचा हुआ है। देशभर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 59,662 तक पहुंच गई है और 1,981 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, 17,847 लोग इस वायरस से ठीक हो कर अपने घर लौट चुके हैं। 

Desk Team