कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को कहा कि अगर लोग सहयोग नहीं करेंगे तो कोविड-19 के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए लॉकडाउन लगाना अनिवार्य हो जाएगा। उन्होंने कोरोना वायरस के मामले चिंताजनक रूप से बढ़ने के मद्देनजर शुक्रवार शाम की अहम बैठक से पहले यहां अनम्मा देवी मंदिर के पास संवाददाताओं से कहा, “लोग सही तरीके से जनता कर्फ्यू का पालन नहीं कर रहे हैं। वे हमारी चेतावनियों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इसलिए, लॉकडाउन लगाना जरूरी हो सकता है।”
येदियुरप्पा के मुताबिक, सरकार कोविड को नियंत्रित करने के लिए एक या दो दिन में सख्त उपायों के बारे में अंतिम फैसला करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा, “अगर लोग चाहते हैं कि सख्त कदम न उठाएं जाएं तो उन्हें मास्क पहनकर और शारीरिक दूरी का पालन करते हुए सहयोग करना होगा।” उन्होंने कहा कि अन्यथा, सख्त कदम उठाना अनिवार्य हो जाएगा।
वहीं, ऑक्सीजन संकट के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह ईमानदारी से मामले को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं। अस्पताल में बिस्तर दिलाने के अनुरोध के साथ कोविड मरीजों और उनके रिश्तेदारों का मुख्यमंत्री आवास और विधान सौध आने से जुड़े सवाल पर येदियुरप्पा ने कहा कि यह अनुचित है और लोगों को यह रोकना होगा।
उन्होंने कहा, “मैं यह नहीं कहूंगा कि अपना दुख बताना गलत है। मैं उनकी पीड़ा को समझता हूं और मैं लोगों की समस्याएं सुलझाने की कोशिश कर रहा हूं क्योंकि हम लोगों के लिए काम करते हैं।”


Download Android App
Download iOS App



