उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर अपना कहर बरपा रही है। कोरोना की दूसरी लहर के आगे राज्य सरकार की स्वास्थ्य सेवाएं पस्त होती नजर आ रही है। ऐसे में विपक्ष भी सरकार पर निशाना साधने से नहीं चूक रहा। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बीजेपी सरकार के कुप्रबंधन तथा भ्रष्टाचार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि आज के हालत में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। अब शहरों, महानगरों के बाद ग्रामीण क्षेत्रों तक इसका विस्तार हो गया है, गांवों में तो स्वास्थ्य सेवाएं न के बराबर हैं। वहां संक्रमितों की जांच ही नहीं हो रही है, उपचार की बात तो दूर की बात है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बात जगजाहिर हो गई है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के कुप्रबंधन तथा भ्रष्टाचार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया है और दिन प्रतिदिन हालत बिगड़ती जा रही है। कोरोना से संक्रमित होने वालों की संख्या न काम हो रही है और न मौतों का सिलसिला थम रहा है, ऑक्सीजन की कमी से उखड़ती सांसों के दौर में भी बीजेपी सरकार संवेदनशून्य बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चाहें जो दावे करें हकीकत में कोरोना के मरीज अस्पतालों के चक्कर लगा रहे हैं और एम्बुलेंस में या स्ट्रेचर में इलाज तथा ऑक्सीजन के आभाव में दम तोड़ रहे हैं। दवाएं, इंजेक्शन, सर्जिकल उपकरण, बाजार से गायब हैं। इनकी कालाबाजारी को सरकार रोकने में अक्षम है।
उन्होने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपनी सरकार के समय में जो स्वास्थ्य सेवाएं शुरू की थी, उन्हें भाजपा सरकार ने आते ही बर्बाद कर दिया। 108, 102, एम्बुलेंस सेवाओं को ध्वस्त कर दी है। रायबरेली और गोरखपुर में एम्स के लिए जमीन समाजवादी सरकार ने दी थी और बीजेपी सरकार समय से चालू तक नहीं कर सकी।
बीजेपी सरकार ने समाजवादी सरकार द्वारा बनाए मेडिकल कॉलेजों के नाम बदलने के सिवाय कोई नए मेडिकल कॉलेज की नींव तक नहीं रखी। आज जब हालात बिगड़ हैं तो उसे अवधशिल्प ग्राम और कैंसर अस्पताल में बदलने की सुध आई है। जनता देख रही है कि बीजेपी सरकार में उसकी जिंदगी से कैसे खिलवाड़ हो रहा है।
24 घंटे में संक्रमण के 28 हजार से ज्यादा नए केस
गौरतलब है कि प्रेदश में कोरोना वायरस व्यापक स्तर पर कोहराम मचा रहा है। यहां पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 28 हजार 76 नये मामले सामने आये है वहीं पहले से इलाज करा रहे 33 हजार 117 मरीज स्वस्थ हुए है। इस दौरान दो लाख 41 हजार 403 कोरोना टेस्टिंग की गई है।
30 अप्रैल को तीन लाख 10 हजार केस एक्टिव थे। आज एक सप्ताह की अवधि में 55,000 एक्टिव केस कम हुए हैं। 24 अप्रैल को सर्वाधिक 38 हजार पॉजिटिव केस आये थे, तब से नए केस में लगातार गिरावट आ रही है। साथ ही, स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है। रिकवरी दर बेहतर होता जा रहा है। राज्य में फिलहाल दो लाख 54 हजार 118 मरीजों का उपचार किया जा रहा है जिसमें एक लाख 98 हजार 857 मरीज होम आइसोलेशन में हैं।


Download Android App
Download iOS App



