अहमदाबाद : लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा के सात और कांग्रेस के दो उम्मीदवारों ने यहां मंगलवार को अपना नामांकन-पत्र दाखिल किया। भाजपा की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि पार्टी के मौजूदा सांसद मोहन कुंदारिया ने मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मौजूदगी में राजकोट सीट से अपना नामांकन दाखिल किया।
भाजपा सांसद नारण कछाड़िया ने अमरेली, पूनम मादम ने जामनगर, डॉ. के सी पटेल ने वलसाड, मनसुख वसावा ने भड़ूच और प्रभु वासव ने बारदोली सीट से नामांकन दाखिल किया। रमेश धाडुक ने पोरबंदर सीट से भाजपा उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया। वड़ोदरा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार प्रशांत पटेल और बारदोली सीट से कांग्रेस उम्मीदवार तुषार चौधरी ने भी मंगलवार को अपना नामांकन-पत्र दाखिल किया।
कांग्रेस की गुजरात इकाई की तरफ से जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। भाजपा 23 जबकि कांग्रेस 14 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। राज्य में कुल 26 लोकसभा सीटें हैं। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख चार अप्रैल है। गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा।


Download Android App
Download iOS App



