पूर्व-मध्य और उत्तर-पूर्व अरब सागर पर बना कम दबाव का क्षेत्र अब गुजरात में वेरावल से पश्चिम-दक्षिण पश्चिम तट से लगभग 170 किलोमीटर दूर है। भारतीय मौसम विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि इसके एक गहरे दबाव के क्षेत्र में बनने की संभावना है और इसके बाद 24 घंटे में यह चक्रवाती तूफान में बदल सकता है।
विभाग के अनुसार अगले 72 घंटे में यह पश्चिम-उत्तर पश्चिम से ओमान तट की ओर बढ़ सकता है। विभाग ने बताया कि गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में चक्रवाती तूफान से कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है और अगले 24 घंटे के दौरान तटीय जिलों के दूरदराज के क्षेत्रों में भारी बारिश होने का अनुमान है।
विभाग के अनुसार मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे 48 घंटे के दौरान पूर्व-मध्य और आसपास के उत्तर-पूर्वी अरब सागर और गुजरात तट पर न जायें क्योंकि समुद्र में 45-55 किलोमीटर प्रतिघंटे से 65 किलोमीटर प्रतिघंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने से स्थिति काफी विकट हो सकती है ।


Download Android App
Download iOS App



