कोविड-19 के मामलों में तेजी से हो रही वृद्धि के मद्देनजर महाराष्ट्र सरकार ने इस महीने राज्य बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली 10 वीं और 12 वीं की परीक्षाएं टालने का सोमवार को फैसला किया। राज्य में 12 वीं बोर्ड की परीक्षा 23 अप्रैल से और 10 वीं कक्षा की परीक्षा 30 अप्रैल से शुरू होने वाली थी।
📢 Imp Announcement: Given the current #COVID-19 situation in Maharashtra, we’ve postponed state board exams for class 10th & 12th. The present circumstances are not conducive for holding exams. Your health is our priority. #PariskhaPeCharcha #HSC #SSC #exams (1/5) pic.twitter.com/cjeRZAT7ux
— Varsha Gaikwad (@VarshaEGaikwad) April 12, 2021
राज्य की स्कूल शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ ने ट्वीट किया, ‘‘महाराष्ट्र में कोविड-19 के मौजूदा हालात के मद्देनजर हमने 10 वीं और 12 वीं की बोर्ड परीक्षाओं को टालने का फैसला किया है। मौजूदा हालात परीक्षा आयोजित करने के अनुकूल नहीं हैं। आपका स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता है।’’
उन्होंने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, ‘‘पेशेवर पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षा के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए 12 वीं कक्षा की परीक्षा मई के अंत में होगी और 10 वीं की परीक्षा जून में आयोजित होगी।’’ गायकवाड़ ने कहा कि हालात की निगरानी की जा रही है और स्थगित की गयी परीक्षाओं के लिए तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों, विभिन्न दलों के निर्वाचित प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, तकनीकी जानकारों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद यह निर्णय किया गया। गायकवाड़ ने कहा, ‘‘हम सीबीएसई, आईसीएसई, आईबी, कैंब्रिज बोर्ड को भी पत्र लिखकर उनकी परीक्षाओं की तारीखों पर फिर से विचार करने के लिए कहेंगे।’’
फैसले को मंजूरी देने के लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का शुक्रिया अदा करते हुए गायकवाड़ ने कहा कि छात्रों के भविष्य, स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न वैकल्पिक मूल्यांकन पर भी विचार किया गया। मंत्री ने कहा, ‘‘परीक्षाएं स्थगित करना ही सबसे व्यावहारिक समाधान प्रतीत हुआ।’’ महाराष्ट्र में रविवार को कोविड-19 के एक दिन में सर्वाधिक 63,294 मामले आए थे। राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 34,07,245 हो गयी है।


Download Android App
Download iOS App



