अज्ञात बदमाशों ने सोमवार सुबह बालूसेरी के निकट कारुमाला में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यालय में आग लगाने का प्रयास किया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बदमाशों ने कुछ जलती हुई लकड़ियां माकपा कार्यालय पर फेंकी। इस घटना की जांच की जा रही है और अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। बालूसेरी में माकपा कार्यकर्ताओं के मुस्लिम लीग कार्यकर्ताओं पर गुरुवार को किये गये हमले के बाद से तनाव का माहौल है। मुस्लिम लीग के कार्यकर्ता कन्नूर जिले में हाल ही में एक पार्टी कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे।
उन्नीकुलम के चारों ओर 8 अप्रैल से बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात किये गए हैं। उन्नीकुलम में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार की रात कथित रूप से कांग्रेस कार्यालय में आग लगा दी थी। इस घटना के बाद दोनों दलों के समर्थकों के बीच झगड़ा हो गया था जिसे पुलिस के समय पर किये गये हस्तक्षेप से नियंत्रित कर लिया गया था। इसके बाद कथित रूप से एलडीएफ कार्यकर्ताओं ने उसी रात कांग्रेस कार्यकर्ता लतीफ के घर पर पत्थर फेंके थे और उनकी इनोवा कार को क्षति पहुंचायी थी।


Download Android App
Download iOS App



