महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को इन आरोपों को खारिज किया कि भारतीय जनता पार्टी पुणे जिले के कस्बा निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में जीत के लिए पैसे बांट रही है।
कस्बा और चिंचवड़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के तहत रविवार को मतदान होगा।
इससे पहले दिन में कस्बा से महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के उम्मीदवार रवींद्र धांगेकर भूख हड़ताल पर बैठ गए और आरोप लगाया कि भाजपा ने मतदाताओं को पैसे बांटे। पुलिस के मामले की जांच करने के आश्वासन के बाद उन्होंने धरना समाप्त किया।
इस मामले में पलटवार करते हुए भाजपा नेता फडणवीस ने कहा, ‘‘भाजपा में पैसा बांटने की संस्कृति नहीं है। चाहे हम जीतें या हारें, हम कभी पैसा नहीं बांटते। जब कोई हारता है तो वह इस तरह के आरोप लगाता है। हम कस्बा और चिंचवाड़ में जीत रहे हैं।’’
फडणवीस ने नागपुर हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘ये आरोप भाजपा के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि इसका मकसद कस्बा के मतदाताओं का अपमान करना है। कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को मतदाताओं के बारे में इस तरह की बातें करने का कोई अधिकार नहीं है।’’


Download Android App
Download iOS App



