महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का कोहराम जारी है। संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार की ओर से हरसंभव कोशिश कर रही है। इस बीच, प्रदेश के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार ने थोड़े समय में कोविड-19 रोगियों के उपचार के लिए पर्याप्त संख्या में स्वास्थ्य देखभाल सुविधाएं स्थापित करने में सफलता प्राप्त की है। ठाकरे पुणे में हिंजावाडी आईटी पार्क में विप्रो लिमिटेड द्वारा विकसित एक कोविड-19 देखभाल केंद्र के उद्घाटन के मौके पर बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने वीडियो-कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कहा, ‘‘कोविड-19 के प्रकोप के शुरुआती चरण के दौरान राज्य में स्वास्थ्य देखभाल का बुनियादी ढांचा पर्याप्त नहीं था। लेकिन अब हम पर्याप्त संख्या में सुविधाएं विकसित करने में सफल रहे हैं।’’ स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि इस अत्याधुनिक सुविधा केंद्र से लोगों को फायदा होगा। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार राज्य के ग्रामीण इलाकों में भी इसी तरह की सुविधाएं बढ़ाने पर धनराशि खर्च करेगी।’’
विप्रो के अध्यक्ष रिशद प्रेमजी ने कहा, ‘‘हमने मानवीय आधार पर इस स्वास्थ्य सुविधा को विकसित करने में रुचि दिखाई और सरकार ने हमारे प्रस्ताव पर सकारात्मक जवाब दिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम देशभर में जरूरतमंदों को भोजन और दवा उपलब्ध कराने की कोशिश कर रहे हैं।’’ राज्य सरकार ने कोरोना वायरस मरीजों को एक वर्ष के लिए उपचार प्रदान करने के लिए कंपनी के साथ एक सहमतिपत्र पर हस्ताक्षर किए हैं।


Download Android App
Download iOS App



