महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अगले कुछ दिनों में भारी बारिश होने के भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान व्यक्त करने पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभिन्न सरकारी एजेंसियों की तैयारियों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि ठाकरे ने एजेंसियों को कहीं अधिक सतर्क रहने का निर्देश दिया और अधिकारियों को भूस्खलन संभावित इलाकों तथा जीर्णशीर्ण भवनों पर नजर रखने कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली कंपनियों को सावधान बने रहना चाहिए क्योंकि हाईटेंशन टावर कई आवासीय इलाकों के नजदीक हैं।
बयान में मुख्यमंत्री के हवाले से कहा गया है, ‘‘भूमिगत क्षेत्रों को भी खाली कराया जाना चाहिए क्योंकि उपनगरीय मुंबई के भांडुप में जल शुद्धिकरण केंद्र में बारिश के चलते पानी भर गया है। ’’
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कोविड-19 केंद्रों में स्वास्थ्य कर्मियों और अस्पतालों को तैयार रखा जाए तथा जल जनित रोगों के नहीं फैलने के लिए कदम उठाए जाएं।
मुबई में बीती रात लगातार भारी बारिश होने से इससे जुड़ी घटनाओं में 25 लोगों की मौत हो गई है। रविवार को बड़ी मात्रा में जलजमाव हो गया और यातायात बाधित हो गया।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका प्रमुख इकबाल सिंह चहल भी बैठक में शरीक हुए। उन्होंने कहा कि नगर निकाय के कर्मी और अधिकारी चौबीसों घंटे ड्यूटी पर हैं।
इस बीच, आईएमडी के जयंत सरकार ने बैठक में कहा कि मुंबई और कोंकण क्षेत्र के लिए एक ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है, जो पांच दिनों के लिए है।
विभाग ने कहा कि पूर्वानुमान के मुताबिक 50 से 60 किमी प्रति घंटा की गति से हवाएं चल सकती हैं। तेईस जुलाई को भारी बारिश होने की संभावना है।


Download Android App
Download iOS App



