कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल के बेटे सुजय विखे पाटिल मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। राधाकृष्ण विखे पाटिल महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता भी हैं। सुजय विखे पाटिल दक्षिणी मुंबई में एक कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रावसाहेब दान्वे की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हो गए।
यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब राधाकृष्ण विखे पाटिल के अहमदनगर लोकसभा सीट अपने बेटे के लिए छोड़ने के आग्रह को शरद पवार नीत राकांपा की ओर से अस्वीकार कर दिया गया। सुजय विखे पाटिल ने पिछले हफ्ते बीजेपी नेता गिरीश महाजन के साथ बैठक की थी। दिलीप गांधी अहमदनगर लोकसभा सीट से बीजेपी के मौजूदा सांसद हैं।
बीजेपी में शामिल होने के बाद सुजय विखे पाटिल ने कहा, मैंने यह निर्णय अपने पिता की इच्छा के विरुद्ध लिया है। मुझे नहीं पता कि मेरे माता-पिता इस फैसले का कितना समर्थन करेंगे, लेकिन मैं बीजेपी के मार्गदर्शन में काम करके अपने परिवार को गौरवान्वित करने की पूरी कोशिश करूंगा। सीएम और अन्य बीजेपी विधायकों ने समर्थन किया और मुझे निर्णय लेने में मदद की।


Download Android App
Download iOS App




