महाराष्ट्र के नागपुर में एक युवक ने यूट्यूब पर वीडियो देखकर एक बम तैयार किया। हैरानी तो तब हो गई जब वह उस बम को लेकर नंदनवन पुलिस थाने में जा धमका। युवक ने थाने में पुलिसकर्मियों से कहा कि जो बैग उसके पास है उसमें ‘‘बम ’’ है और वह बैग उसे एक कॉलेज के पास लावारिस हालत में मिला है।
शनिवार शाम को हुई इस घटना पर अधिकारियों ने रविवार को बताया कि व्यक्ति की पहचान राहुल पगाड़े (25) के तौर पर की गई है। पगाड़े ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि पेट्रोल की बोतल और बैटरी की मदद से उसने खुद ही विस्फोटक तैयार किया था और इसका वीडियो उसने यूट्यूब में देखा था।
एक अधिकारी ने आतंकवाद से इसका कोई भी संबंध होने की आशंका से इनकार किया और कहा कि पगाड़े का विस्फोट लगाने या किसी को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। पगाड़े एक सैलून में काम करता है और शहर के साईबाबा नगर इलाके में किराए के मकान में रहता है। उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है और तीनों बहनों का विवाह हो चुका है।
अधिकारी ने बताया,‘‘ पगाड़े ने बताया कि वीडियो देख कर उसने बम बनाना सीखा और खुद भी बनाने का निर्णय किया। और कुछ चीजों की मदद से उसने बम बना लिया।’’उन्होंने बताया कि इसके बाद पगाड़े डर गया और उसने विस्फोटक पुलिस को सौंपने का निर्णय किया।
उन्होंने बताया,‘‘ युवक ने बताया कि उसे बम वाला बैग केडीके कॉलेज के पास से मिला लेकिन उसके बयान से संदेह पैदा हुआ और कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने खुद ही विस्फोटक बनाने की जानकारी दी।’’ पुलिस अधिकारी के अनुसार पगाड़े ने बताया कि वह डर गया था और उसे समझ नहीं आ रहा था कि विस्फोटक का क्या किया जाए इसलिए वह उसे ले कर पुलिस थाने आ गया। पगाड़े के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



