महाराष्ट्र में सोलापुर जिले के पंढरपुर शहर में रविवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की उपचुनाव संबंधी सभा में कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी, जिनमें से कई लोगों ने मास्क तक नहीं पहना हुआ था। बैठक को राकांपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं मंत्री जयंत पाटिल ने संबोधित किया।
संबोधन के दौरान मास्क हटाते हुए पाटिल ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, ” ऐसा लगता है कि कोरोना वायरस दुनिया से जा चुका है क्योंकि मैं बिना मास्क वाले आपके चेहरे देख सकता हूं।” उल्लेखनीय है कि यह सभा ऐसे समय में हुई, जब कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सप्ताहांत में दुकानें एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद रखने जैसे कड़े प्रतिबंध लागू किए हैं।
जयंत पाटिल ने भीड़ को संबोधित करते हुए कहा, ” आपके चेहरे देखने के बाद मुझे लगता है कि अब दुनिया में कोरोना वायरस नहीं है। इसलिए मैं भी बोलने के लिए अपना मास्क हटा रहा हूं।” कार्यक्रम के बाद जब इस टिप्पणी को लेकर पाटिल से सवाल किया गया तो उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि ऐसा उन्होंने व्यंग्य के तौर कहा था।
राज्य के मंत्री पाटिल ने यह भी कहा कि राज्य में पूर्व में हुई रैलियों के दौरान भी किसी ने मास्क नहीं पहना हुआ था। पंढरपुर-मंगलवेध विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान 17 अप्रैल को होगा, जिसको लेकर सभा का आयोजन किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



