Maharashtra Political Crisis : बढ़ रही है एकनाथ शिंदे की ताकत, 7 और MLA हुए बागी

Summary :

महाराष्ट्र की महाविकास अघाड़ी सरकार मुश्किलों की ओर बढ़ती जा रही है। शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे कई अन्य बागी विधायकों के साथ गुवाहाटी में डेरा जमाए हुए हैं। वहीं सीएम उद्धव ठाकरे की अपील बेअसर नजर आई।

महाराष्ट्र की महाविकास अघाड़ी सरकार मुश्किलों की ओर बढ़ती जा रही है। शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे कई अन्य बागी विधायकों के साथ गुवाहाटी में डेरा जमाए हुए हैं। वहीं सीएम उद्धव ठाकरे की अपील बेअसर नजर आई। एकनाथ शिंदे की ताकत बढ़ाते हुए 7 और विधायक गुवाहाटी पहुंचे हैं। बुधवार देर रात चार ओर गुरुवार सुबह तीन विधायक शिंदे गुट से जा मिले हैं।
Radisson Blu में बागी विधायकों ने जमाया डेरा
बुधवार रात को करीब 8 बजे चार विधायक गुवाहाटी में मौजूद Radisson Blu होटल पहुंचे। इसी होटल में एकनाथ शिंदे बाकी बागी विधायकों के साथ डेरा डाले हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, शाम को पहुंचे चार विधायक महाराष्ट्र BJP अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील के साथ सूरत से गुवाहाटी के लिए रवाना हुए थे। गुवाहाटी पहुंचे शिवसेना के विधायकों में गुलाबराव पाटील और योगेश कदम भी शामिल हैं। बाकी दो विधायक (मंजुला गावित और चंद्रकांत पाटिल) निर्दलीय हैं।
राज्यपाल से संपर्क कर सकते हैं एकनाथ शिंदे
एकनाथ शिंदे खेमे के सूत्रों ने कहा है कि वह यह दिखाने के लिए संख्या जुटाएंगे कि उन्हें शिवसेना में दो-तिहाई बहुमत (कम से कम 37 विधायक) का समर्थन प्राप्त है। शिंदे अपनी संख्या साबित करने के लिए राज्यपाल से संपर्क कर सकते हैं। इसके बाद राज्यपाल उद्धव ठाकरे को बहुमत साबित करने के लिए कह सकते हैं। ऐसी स्थिति में सरकार का गिरना तय माना जा रहा है। महाराष्ट्र में सरकार गिरने के बाद एकनाथ शिंदे भाजपा से हाथ मिला सकते थे।
मातोश्री में उद्धव की वापसी
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुधवार देर रात मालाबार हिल स्थित अपना आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ खाली कर अपने परिवार के साथ बांद्रा स्थित अपने निजी घर ‘मातोश्री’ में वापसी की। मंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना विधायकों के बागी समूह से भावनात्मक अपील करने के कुछ घंटों बाद उद्धव ने यह कदम उठाया। 

Desk Team