महाराष्ट्र में शिवसेना के दोनों गुटों में बढ़ती तनातनी के बीच मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले समूह के एक विधायक ने अपने समर्थकों से उद्धव ठाकरे नीत गुट के कार्यकर्ताओं की पिटाई करने को कहा है।सोशल मीडिया पर सोमवार को एक वीडियो सामने आया, जिसमें विधायक प्रकाश सुर्वे अपने समर्थकों को कानूनी पचड़े में फंसने की सूरत में जमानत पर रिहा करवाने का आश्वासन देते भी नजर आ रहे हैं।
विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुर्वे के खिलाफ कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद ठाकरे गुट के कार्यकर्ताओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए उत्तर-पश्चिमी मुंबई के मगथाने विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुर्वे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।वीडियो में सुर्वे यह कहते हुए दिख रहे हैं, “हम चुप नहीं बैठेंगे। हमें उन्हें उनकी जगह दिखानी है। हम किसी का अपने साथ दुर्व्यवहार करना बर्दाश्त नहीं करेंगे…। अगर कोई कुछ कहे तो उसे पीट देना, प्रकाश सुर्वे यहां बैठे हैं…।”उन्होंने कहा, “अगर आप उनके हाथ नहीं तोड़ सकते तो पैर तोड़ दें। मैं सुनिश्चित करूंगा कि आपको अगले दिन जमानत मिल जाए। हम हमें परेशान करने वाले किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेंगे।”

सुर्वे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
संपर्क साधने पर सुर्वे ने वीडियो पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।इस बीच, ठाकरे गुट के कार्यकर्ताओं ने दहीसर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए सुर्वे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।दहीसर थाने के एक अधिकारी ने कहा, “हमें शिवसेना कार्यकर्ताओं की तरफ से प्रकाश सुर्वे के खिलाफ लिखित शिकायत मिली है। उन्होंने सुर्वे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, लेकिन हम तथ्यों की पुष्टि कर रहे हैं और मामले की जांच जारी है। अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।”


Download Android App
Download iOS App



