मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को कहा कि राज्य में कोविड-19 के टीके के वितरण का कामकाज देखने के लिए और टीकाकरण अभियान किस तरह चलाना है, इस बारे में विचार-विमर्श करने के लिए एक कार्यबल का गठन किया गया है। आधिकारिक वक्तव्य के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से हुई बैठक में ठाकरे ने यह कहा। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को उन आठ राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर कोविड-19 की ताजा स्थिति की समीक्षा की जहां हाल के दिनों में संक्रमण के मामलों में तेजी आई है।
वक्तव्य में ठाकरे के हवाले से कहा गया, ‘‘महाराष्ट्र में टीके के वितरण एवं टीकाकरण का काम देखने के लिए एक कार्यबल गठित किया गया है। कोरोना वायरस के टीके के विकास पर नजर रखने के लिए सरकार सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के आदर पूनावाला के सतत संपर्क में है।’’ पूनावाला सीरम इंस्टीट्यूट के सीईओ हैं, इस संस्थान ने कोविड-19 के ऑक्सफोर्ड द्वारा विकसित टीके के उत्पादन के लिए एस्ट्राजेनेका के साथ साझेदारी की है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से ट्वीट कर बताया गया कि ठाकरे ने मोदी को उन कदमों की जानकारी दी जो महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए उठाए हैं।


Download Android App
Download iOS App



