Mamata Banerjee on BJP : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला बोला है। रविवार को पुरुलिया में आयोजित एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर राज्य में बीजेपी की सरकार बनती है तो लोगों के खान-पान की आजादी पर असर पड़ेगा। ममता बनर्जी का आरोप है कि बीजेपी सत्ता में आने पर नॉनवेज खाने पर रोक लगा सकती है और मछली समेत अन्य मांसाहारी खाद्य पदार्थों पर भी प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
Mamata Banerjee on BJP: ‘लक्ष्मी भंडार’ समेत कई योजनाएं बंद करने का आरोप

रैली के दौरान ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी यदि बंगाल में सत्ता हासिल करती है तो राज्य सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कर सकती है। उन्होंने खासतौर पर ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर इसे समाप्त किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी किसी भी तरह से बंगाल में चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है। ममता के मुताबिक चुनाव से पहले SIR प्रक्रिया के जरिए करीब 1.2 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी उन्हें और उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को लगातार परेशान कर रही है, लेकिन इसके बावजूद बंगाल की जनता इस चुनाव में बीजेपी को हराएगी।
जैन मंदिर में की प्रार्थना
रैली से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पुरुलिया स्थित जैन मंदिर पहुंचीं और वहां प्रार्थना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्हें इस मंदिर में जाने का अवसर मिला, जहां उन्होंने सभी लोगों के स्वास्थ्य, शांति और कल्याण के लिए प्रार्थना की।
ममता बनर्जी ने कहा कि उन पलों में उनकी सबसे बड़ी कामना यही थी कि बंगाल के लोग सुरक्षित और स्नेहपूर्ण माहौल में रहें। उन्होंने एकता, सद्भाव और समावेशिता के रास्ते पर आगे बढ़ने की बात भी कही। साथ ही यह भी कहा कि हर नागरिक के अधिकार और गरिमा की रक्षा हमेशा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
Mamata Banerjee on BJP: जैन समुदाय के लिए पहल का जिक्र

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उनकी सरकार ने जैन समुदाय के सम्मान में एक ‘जैन मानस्तंभ’ स्थापित किया है। इसके अलावा न्यू टाउन इलाके में जैन मंदिर के निर्माण के लिए 5 एकड़ जमीन भी आवंटित की गई है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की सबसे बड़ी ताकत हमेशा से “विविधता में एकता” रही है और राज्य इस सिद्धांत को आगे भी बनाए रखेगा।
यह भी पढ़ें – बरेली में 5 साल के बच्चे का शव तालाब में मिला, 3 महीन से था लापता, मौत के कारण की चल रही जांच


Download Android App
Download iOS App




