देश में कोरोना महामारी के बिगड़ते हालातों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सभी मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाई है। हालांकि इस बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शामिल नहीं होंगी। उनकी जगह राज्य के मुख्य सचिव अलपन बंद्योपाध्याय बैठक में हिस्सा लेंगे। बताया जा रहा है कि चुनाव प्रचार में व्यस्त होने की वजह से वह बैठक से नदारद रहेंगी।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली के एम्स में कोविड-19 टीके की दूसरी खुराक ली और कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में टीका लेने के लिए पात्र सभी लोगों से जल्द से जल्द टीका लगवाने की अपील की। प्रधानमंत्री ने एक मार्च को टीके की पहली खुराक ली थी।
प्रधानमंत्री ने टीका लगवाते हुए अपनी एक तस्वीर भी पोस्ट की। प्रधानमंत्री ने भारत बायोटेक द्वारा निर्मित स्वदेशी कोवैक्सीन का टीका लगवाया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘आज एम्स में कोविड-19 टीके की दूसरी खुराक ली। वायरस को हराने के कुछ तरीकों में टीकाकरण भी एक तरीका है। अगर आप टीका लेने के पात्र हैं तो जल्द से जल्द टीका लगवाए। कोविन डॉट जीओवी डॉट इन पर पंजीकरण करायें।’’


Download Android App
Download iOS App



