ममता ने एनपीआर,जनसंख्या पर केन्द्र की बैठक में नहीं लिया भाग

Summary :

तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी के नेतृत्ववाली पश्चिम बंगाल सरकार ने शुक्रवार को जनगणना 2021 और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) को लेकर हुई केन्द्र सरकार की बैठक में भाग नहीं लिया।

तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी के नेतृत्ववाली पश्चिम बंगाल सरकार ने शुक्रवार को जनगणना 2021 और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) को लेकर हुई केन्द्र सरकार की बैठक में भाग नहीं लिया। 
सभी राज्यों के मुख्य सचिवों और केन्द्र शासित प्रदेशों के प्रशासकों ने यहां अंबेडकर भवन में हुई बैठक में हिस्सा लिया। 
जनगणना 2021 के पहले चरण और एक अप्रैल से 30 सितंबर तक चलने वाले एनपीआर को लेकर चर्चा करने के लिए यह बैठक बुलाई गई। बैठक का शुभारंभ केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय किया। 
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को घोषणा की थी कि राज्य के अधिकारी इस बैठक में भाग नहीं लेंगे। हालांकि पश्चिम बंगाल के जनगणना निदेशक (केन्द्र सरकार के कर्मचारी) ने बैठक में भाग लिया। 
श्री नित्यानंद राय ने बैठक को संबोधित करते हुए जनगणना 2021 को पूरा करने और इसमें राज्य की भूमिका को लेकर जोर दिया। उन्होंने जनगणना 2021 के आधिकारिक मैस्कट का भी उद्घाटन किया। 
इस दौरान केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला ने इस कार्य की गंभीरता और इसमें राज्य के अधिकारियों की भागीदारी पर बल दिया। 
भारत के रजिस्ट्रार जनरल एवं जनगणना आयुक्त डॉ विवेक जोशी ने जनगणना अधिकारियों की नियुक्ति, एनपीआर पि्रंटिंग एवं लॉजिस्टिक सुविधाएं, डेटा संग्रह में मोबाइल एप्लिकेशन के इस्तेमाल और केंद्रीय निगरानी पोर्टल को लेकर प्रजेंटेशन दिया।

Shera Rajput