ममता का मोदी को पत्र, कहा- सरकार कोविड रोधी टीकों के विनिर्माण के लिए जमीन और मदद उपलब्ध कराने को तैयार

Summary :

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार कोविड-19 रोधी टीकों के विनिर्माण के लिए जमीन और जरूरी मदद उपलब्ध कराने को तैयार है।

इस समय पूरा देश भयंकर कोरोना वायरस से जूझ रहा है और ऐसे हालात में देश में वैक्सीन की कमी बनी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार कोविड-19 रोधी टीकों के विनिर्माण के लिए जमीन और जरूरी मदद उपलब्ध कराने को तैयार है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे एक पत्र में बनर्जी ने यह भी कहा कि उदारता और अग्र-सक्रियता के साथ टीकों का आयात किया जाना चाहिए। बनर्जी ने कहा, ‘‘देश में टीकों का उत्पादन पूरी तरह अपर्याप्त है…वैश्विक स्तर पर अब कई विनिर्माता हैं…प्रतिष्ठित और प्रामाणिक विनिर्माताओं की पहचान करना तथा विश्व के विभिन्न हिस्सों से उनसे टीकों का त्वरित आयात किया जाना संभव है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उदारता और अग्र-सक्रियता के साथ टीकों का आयात आज की परम आवश्यकता है।’’ उन्होंने कहा कि भारत में फ्रैंचाइजी अभियान शुरू करने के लिए विश्व के टीका विनिर्माताओं को भी प्रोत्साहित किया जा सकता है। तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ने प्रधानमंत्री को लिखे अपने पत्र में कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में हम प्रामाणिक टीका विनिर्माण के लिए किसी भी उत्पादन/फ्रैंचाइजी अभियान के लिए जमीन और मदद उपलब्ध कराने को तैयार हैं।’’

Desk Team