कोविड-19 के मामलों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर उनसे राज्य के लिए पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र का निष्पक्षता से और तुरंत आवंटन कराए जाने का अनुरोध किया।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि राज्य को 70 पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र मिलने थे और अब सूचित किया गया है कि पहले चरण में ऐसे चार ही संयंत्र दिए जाएंगे।बनर्जी ने बाकी ऑक्सीजन संयंत्रों के बारे में दी गयी सूचना में साफ-साफ जानकारी नहीं होने की भी शिकायत की है।
बनर्जी ने पत्र में कहा है, ‘‘केंद्र राज्यों में अस्पतालों को पीएसए संयंत्रों की आपूर्ति करने पर विचार कर रहा है। प्राथमिकताओं में बार-बार बदलाव हो रहा है, क्रियान्वयन करने वाली एजेंसियों का रुख भी बदल रहा है, पश्चिम बंगाल के लिए निर्धारित कोटे में भी लगातार संशोधन कर इसे कम किया जा रहा।’’
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा है, ‘‘हमें बताया गया था कि राज्य को 70 पीएसए संयंत्र दिए जाएंगे। अब कहा गया है कि पहले चरण में चार संयंत्र दिए जाएंगे। बाकी संयंत्रों को लेकर भी कोई स्पष्ट सूचना नहीं है।’’ पीएसए संयंत्रों से कोविड-19 मरीजों का उपचार कर रहे अस्पतालों में ऑक्सीजन की आपूर्ति बेहतर होगी।
बनर्जी ने कहा, ‘‘मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि प्राथमिकता के साथ क्रियान्वयन करने वाली एजेंसियों की जिम्मेदारी तय कर और उचित, पारदर्शी तथा निष्पक्षता से कोटा निर्धारित करें। दिल्ली में दुविधा की स्थिति के कारण राज्य की एजेंसियों द्वारा पीएसए संयंत्र लगाने की पूरक योजनाओं पर भी असर पड़ रहा है।’’


Download Android App
Download iOS App



