कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के लोगों के कश्मीर में काम करने से जुड़े बयान के लिये भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों को आजादी है कि वह देश में जहां चाहे वहां जाकर काम करें। भाजपा ने पश्चिम बंगाल के लोगों के कश्मीर जाकर काम करने की जरूरत पर सवाल उठाए थे।
दरअसल पश्चिम बंगाल के पांच मजदूरों की कश्मीर में आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी। जिस पर भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख दिलीप घोष ने कहा कि मजदूरों को अपना राज्य छोड़कर क्यों जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस को प्रवास रोकने के लिये रोजगार के अवसर पैदा करने चाहिये।
इस पर पलटवार करते हुए ममता ने कहा कि मजदूरों की हत्या को लेकर भाजपा के कुछ नेताओं की टिप्पणियां शर्मनाक हैं और जहां चाहे वहां काम करने के हर भारतीय के संवैधानिक अधिकार के खिलाफ है।


Download Android App
Download iOS App



