लाहौर : गुरू नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व के लिए बृहस्पतिवार को भारत से 1,100 सिख श्रद्धालुओं का पहला जत्था पाकिस्तान पहुंचा। ‘इवेक्यू ट्रस्ट प्रापर्टी बोर्ड’ (ईटीपीबी) के प्रवक्ता आमिर हाशमी ने बताया कि ये सिख नौ नवंबर को करतारपुर गलियारे के ऐतिहासिक उद्घाटन का हिस्सा भी बनेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘ननकाना साहिब में बाबा गुरू नानक के 550वें प्रकाश पर्व समारोह में शामिल होने के लिए 1,100 सिखों का पहला जत्था वाघा सीमा से यहां पहुंचा।’’ हाशमी ने बताया कि सिख अपने साथ ‘‘स्वर्ण पालकी’’ लेकर आये है। वाघा सीमा पर पंजाब के गवर्नर चौधरी सरवार, ईटीपीबी के अध्यक्ष आमेर अहमद और पाकिस्तान गुरूद्वारा सिख प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सतवंत सिंह ने यहां ‘नगर कीर्तन’ (जुलूस) की अगवानी की।
ईटीपीबी ने कहा कि ‘स्वर्ण पालकी’ के लिए संघीय राजस्व बोर्ड (एफबीआर) से कर में विशेष छूट मांगी गई है। ईटीपीबी ने कहा कि खानपान, चिकित्सा शिविर और परिवहन सहित तीर्थयात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान 12 नवम्बर को गुरू नानक के 550वें प्रकाश पर्व से पहले करतारपुर गलियारे का उद्घाटन करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



