नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और दुनिया भर में रविवार को लोग दीपावली का जश्न मना रहे हैं। इस मौके पर कई देशों के दूतावासों और उच्चायोगों ने भी लोगों को रोशनी के इस त्योहार की शुभकामनाएं दीं।
भारत में स्थित ग्रीस के दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट पर दीपावली की बधाई देते हुए अपने समारोह की कुछ झलकियां भी साझा कीं।
दूतावास की ओर से पोस्ट किए गए वीडियो में ग्रीक राजनयिकों ने दीपावली से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए। उनसे उनकी पसंदीदा दीपावली मिठाई, भारत में उनकी सबसे यादगार दीपावली और ऐसी कौन-सी दीपावली परंपरा है जिसे वे अपने देश ले जाना चाहेंगे, जैसे सवाल पूछे गए।
एक राजनयिक ने कहा, “हमारे सभी भारतीय दोस्तों के लिए मेरी दीपावली की शुभकामना है कि आपकी जिंदगी काजू बर्फी की तरह मीठी हो। शुभ दीपावली।”
एक अन्य राजनयिक ने कहा, “मैंने दीपावली के बारे में एक बात सीखी है कि रोशनी सिर्फ मनाने की चीज नहीं है, बल्कि इसे दूसरों के साथ बांटने का एक तरीका भी है। अगर रोशनी लोगों को जोड़ सकती है, तो उसकी कोई सीमा नहीं होती।”
यूरोपीय संघ के भारत स्थित प्रतिनिधिमंडल ने भी लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। वहीं, भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने भी दीपावली के अवसर पर लोगों को बधाई दी। भारत में ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग ने भी दीपावली का उत्सव मनाया।
फिलिप ग्रीन की ओर से ‘एक्स’ पर साझा की गई तस्वीरों में दूतावास के अधिकारी पारंपरिक भारतीय कपड़ों में नजर आए और उत्साह के साथ नृत्य करते दिखे।
ग्रीन ने लिखा, “सभी को दीपावली की शुभकामनाएं। उच्चायोग परिवार के साथ दीपावली मनाना हमेशा खास होता है। इस बार यह और भी विशेष है क्योंकि भारत में उच्चायुक्त के रूप में यह मेरी आखिरी दीपावली है। यह दिन गर्मजोशी, त्योहार की खुशियों और ढेर सारे नृत्य से भरा यादगार दिन रहा।”
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, “हमारे उच्चायोग के दीपावली समारोह की कुछ और झलकियां। रंगों, रोशनी, हंसी और त्योहार की खुशियों से भरा दिन, जब हमारा पूरा उच्चायोग परिवार रोशनी के इस पर्व को मनाने के लिए एक साथ आया।”
भारत में यूक्रेन के दूतावास ने भी दीपावली के मौके पर शुभकामनाएं दीं। ‘एक्स’ पोस्ट पर साझा किए गए एक वीडियो में भारत में यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सेंडर पोलिशचुक ने कहा, “नमस्ते और हैप्पी दीपावली। हम अपने सभी भारतीय मित्रों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं, खासकर उन भारतीयों को जो इन कठिन परिस्थितियों में यूक्रेन में हमारे साथ रह रहे हैं। दीपावली की रोशनी गर्मजोशी, उम्मीद, शांति और बेहतर दिनों का संदेश लेकर आए। रोशनी की जीत हो।”
–आईएएनएस
एवाई/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App


