मुंबई में एक शख्स ने पड़ोसी की महज इस वजह से हत्या कर दी क्योंकि वह तेज आवाज में म्यूजिक बजा रहा था। आरोपी ने आवाज कम करने को कहा था, लेकिन बात नहीं मानने पर वह इस कदर गुस्से में आया कि फर्श पर जोर से पटक दिया। इस दौरान अधिक खून बह जाने की वजह से 40 साल के शख्स की मौत हो गई।
पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटना बुधवार रात मालवानी इलाके के अंबुजवाड़ी मोहल्ले में हुई। अधिकारी ने कहा कि मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार गुन्नार के रूप में हुई है। वह अपनी झुग्गी के बाहर बैठकर रिकॉर्डर पर गाने सुन रहा था। गुन्नार के पड़ोसी सैफ अली चांद अली शेख (25) ने उससे आवाज कम करने के लिये कहा, लेकिन गुन्नार ने इससे इनकार कर दिया।
अधिकारी ने कहा कि शेख ने कथित रूप से गुन्नार पर हमला कर उसे जमीन पर पटक दिया। बहुत खून बह जाने से गुन्नार बेहोश हो गया। गुन्नार को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारी ने कहा कि बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।


Download Android App
Download iOS App



