देश के सबसे बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एनटीलिया के बाहर से बरामद हुई विस्फोटकों से भरी कार और उसके बाद उस कार मालिक की हत्या अभी तक एक गुत्थी बनी हुई है। इस मामले को लेकर सवालों में घिरे मुंबई पुलिस के अधिकारी सचिन वाझे को क्राइम ब्रांच से हटा दिया गया है। इसके साथ ही वाझे को अब किसी और विभाग में तैनात किया जाएगा।
बीजेपी के बढ़ते दबाव के चलते गृह मंत्री अनिल देशमुख ने बुधवार को मनसुख हिरेन हत्या मामले में एपीआई सचिन वझे को क्राइम ब्रांच से हटाने का आदेश दिया है। महाराष्ट्र विधानसभा में बोलते हुए गृह मंत्री देशमुख ने कहा कि सचिन वाझे को क्राइम ब्रांच से हटाकर किसी और विभाग में तैनात किया जाएगा। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि इस मामले में निष्पक्ष जांच की जा सके।

आपको बता दें कि मनसुख हिरेन की पत्नी विमला हिरेन ने सचिन वाझे पर उनके पति की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि वाझे ने उनके पति से कहा था कि वह एंटीलिया मामले में गिरफ्तार हो जाएं उसके बाद वह उनकी बेल करवा देंगे।
इस मामले में महाराष्ट्र के नेता विपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में बड़ा आरोप लगाते हुए कहा था कि सचिन वाझे ने मनसुख का कत्ल किया है। फडणवीस ने यह भी कहा कि साल 2017 में एक एक्सटॉर्शन की एफआईआर दर्ज की गई थी। जिसमें से एक आरोपी खुद सचिन वझे भी थे। उन्होंने यह भी सवाल उठाए कि सचिन वझे को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। उनके खिलाफ कई सबूत थे। धारा 201 के तहत उनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं की गई। फडणवीस ने मांग की है कि सचिन वाझे की गिरफ्तारी होनी चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



