ओडिशा में कुछ समय तक बारिश रुकने के बाद रविवार से राज्य में फिर से वर्षा होने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग केंद्र के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर सोमवार तक फिर से निम्न दबाव वाला क्षेत्र बनने की संभावना है जिससे ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग तीव्रता की बारिश हो सकती है।
उन्होंने बताया कि मयूरभंज, क्योंझर, सुंदरगढ़, संबलपुर, देवगढ़, अंगुल, जाजपुर, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़ और केंद्रपाड़ा जैसे जिलों में रविवार को भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग केंद्र की ओर से जारी एक बुलेटिन के अनुसार ओडिशा के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है जबकि सुंदरगढ़, क्योंझर, देवगढ़, मयूरभंज, ढेंकानाल, संबलपुर, जाजपुर और भद्रक जिलों में कुछ जगहों पर सोमवार सुबह भारी बारिश हो सकती है।
इसके अनुसार बारगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, नुआपाड़ा, बोलांगीर, सुंदरगढ़, देवगढ़, ढेंकानाल, कटक, जगतसिंहपुर, नबरंगपुर और कोरापुट जिलों में मंगलवार और बुधवार को भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने निम्न दबाव के प्रभाव से समुद्र में स्थिति खराब होने की आशंका के मद्देनजर लोगों को सावधानी बरतने को कहा है और मछुआरों को रविवार तथा सोमवार को समुद्र तट के पास या समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।
ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर गहरा दबाव बनने से राज्य के दक्षिण एवं पश्चिम हिस्से में करीब नौ जिलों तथा उसके आस पास के क्षेत्र में कई इलाकों में हाल में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गयी थी। एक अधिकारी ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण कालाहांडी, कंधमाल, कोरापुट और मलकानगिरि जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गयी थी और इन नौ जिलों में 1,035 गांवों में रहने वाले 1.77 लाख लोग प्रभावित हुए थे। जलमग्न इलाकों से पानी घटने से इन जिलों में धीरे-धीरे हालात सामान्य हुए।


Download Android App
Download iOS App



