मेघालय : मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में 370 फुट गहरी रैट होल खदान में फंसे 15 खनिकों को बचाने के लिये कई एजेंसियों का बचाव अभियान रविवार से फिर शुरू हो रहा है। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है। खनिक 13 दिसंबर को पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले के लुमथारी गांव के किसान इलाके की एक खदान में नजदीकी लैतिन नदी का पानी भर जाने के बाद से अंदर फंसे हैं।
जिले के पुलिस अधीक्षक सिल्वेस्टर नोंगटिंगर ने बताया कि वायुसेना का एक हेलिकॉप्टर नौसेना के गोताखोरों के लिये अत्याधुनिक उपकरण लेकर यहां फुटबॉल ग्राउंड में उतरा है। उन्होंने कहा कि मशीनें जल्द ही घटनास्थल पर पहुंचाई जाएंगी उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) नौसेना, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और कोल इंडिया की मदद से बचाव अभियान में लगा है।
उन्होंने कहा कि नौसेना के गोताखोर रविवार को खदान के अंदर जा सकते हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नौसेना के गोताखोरों ने बताया है कि उनके पास खदान में 100 फुट अंदर तक जाने की क्षमता है जबकि एनडीआरएफ के गोताखोर 30 फुट अंदर तक जा सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



