देश की वित्तीय राजधानी मुम्बई में एकबार फिर ताबड़-तोड़ बारिश हुई। अभी भी मौसम विभाग ने रुक-रुककर बारिश होने के संकेत दिए हैं। विभाग के मुताबिक एक बार फिर 24 घंटे में बारिश हो सकती है।
निचले इलाके में नहीं है जलजमाव की कोई खबर
नगर निकाय के अधिकारियों ने बताया है कि कहीं भी निचले इलाके में भारी जलजमाव की कोई खबर नहीं है। ट्रेन सेवाएं और ‘बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट’ (बेस्ट) की बस सेवाएं सामान्य हैं। उन्होंने बताया कि सुबह शहर के अधिकतर हिस्सों में बारिश नहीं हो रही थी या हल्की बारिश थी। भारी बारिश पूर्वाह्न करीब 10 बजे शुरू हुई।
चेंबूर फायर स्टेशन’ में 11 मिमी बारिश दर्ज
नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि पूर्वाह्न 10 से 11 बजे के बीच परेल और दादर में 14 मिमी बारिश हुई, जबकि मालाबार हिल और नायर अस्पताल क्षेत्र में 19 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान पूर्वी उपनगरों के ‘विक्रोली फायर स्टेशन’ में 12 मिमी और ‘चेंबूर फायर स्टेशन’ में 11 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी उपनगरों के ‘मालवानी फायर स्टेशन’ और ‘चिंचोली फायर स्टेशन’ में क्रमश: 22 मिमी तथा 20 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान विभाग ने दिन में शहर और उसके उपनगरों में आमतौर पर बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। अगले 24 घंटे में रुक-रुककर बारिश हो सकती है। नगर निकाय अधिकारियों ने बताया कि शहर में मंगलवार को सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 7.91 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमश: 12.94 मिमी और 12.33 मिमी बारिश दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि मंलगवार को दोपहर दो बजकर 57 मिनट पर अरब सागर में 4.39 मीटर तक की ऊंची लहरें उठ सकती हैं। मुबई के अधिकांश हिस्सों में पिछले कुछ दिन में हल्की बारिश ही दर्ज की गई।


Download Android App
Download iOS App



