मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में एलईडी से भरे एक ट्रक में आग लगने के मामले में हुई साजिश का खुलासा करते हुए पुलिस ने ट्रक चालक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली से हैदराबाद, बैंगलोर तक करीब 45 लाख कीमत की एलईडी की डिलीवरी देने जा रहे थे। इसी दौरान 29 मार्च को ट्रक में रतलाम में घटला ब्रिज के पास आग लग गई थी। पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी ने बताया कि आरोपियों ने अपने महंगे शौक पूरा करने और माल हड़पने की नीयत से ट्रक में से एलईडी टीवी निकालकर उसे जला दिया और मामले को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया।
पुलिस ने ग्रेटर नोएडा स्थित ट्रक ड्राइवर सुंदर सिंह के घर से एलईडी टीवी बरामद कर ली है। एसपी श्री तिवारी ने बताया कि इस मामले में ट्रक ड्राइवर सुंदर सहित चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। जिनमें पंकज, गुड्डू सभी उत्तरप्रदेश निवासी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ट्रक ड्राइवर एलईडी टीवी से भरा कंटेनर लेकर दिल्ली से निकला था। चालक ने कंटेनर में से करीब 216 एलईडी ग्रेटर नोएडा स्थित अपने घर में छिपा दी थी और शेष एलईडी टीवी से भरा ट्रक लेकर निकल गया था। रतलाम में घटला ब्रिज के पास आरोपी ने दुर्घटना का रूप देते हुए कंटेनर के केबिन और कंटेनर में आग लगा दी और फरार हो गया।


Download Android App
Download iOS App



