उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग को बंद करने के औचित्य पर उठाया सवाल

Summary :

उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-श्रीनगर-बारामूला राष्ट्रीय राजमार्ग को आम यातायात के लिए रविवार और बुधवार को बंद करने के औचित्य पर सोमवार को सवाल उठाए।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-श्रीनगर-बारामूला राष्ट्रीय राजमार्ग को आम यातायात के लिए रविवार और बुधवार को बंद करने के औचित्य पर सोमवार को सवाल उठाए। अब्दुल्ला ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट की है जिसमें सोमवार को राजमार्ग पर सुरक्षा बलों का बड़ा काफिला जाते हुए दिख रहा है जिसके साथ-साथ आम यातायात भी गुजर रहा है।

उन्होंने ट्वीट किया, ”यह रहा एक और बड़ा काफिला। मैं बस इस बिंदू को उजागर करने की कोशिश कर रहा हूं कि राजमार्ग बंद करने का आदेश देने वालों ने अपने विवेक का इस्तेमाल नहीं किया है। अगर यह काफिला आज राजमार्ग पर सुरक्षित है तो यह कल (रविवार को) महफूज नहीं क्यों नहीं था और बुधवार को क्यों नहीं होगा?”

उन्होंने कहा, ”राजमार्ग को आम यातायात के लिए बंद किए बिना सुरक्षा बलों के काफिले के गुजरने के लिए यह सोमवार को सुरक्षित है तो यह बुधवार और रविवार को क्यों नहीं है? सेना के ‘असुरक्षित’ दिनों में गुजरने से ज्यादा इस आदेश की निरर्थकता से कुछ साबित नहीं होता है। सड़क राजमार्ग का हिस्सा है।”

गौरतलब है कि सरकार ने चुनाव ड्यूटी में लगे सुरक्षा बलों के काफिले सुरक्षित गुजर जाएं इसके लिए पिछले हफ्ते उधमपुर से श्रीनगर होते हुए बारामूला जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर सभी आम वाहनों को रविवार और बुधवार को प्रतिबंधित कर दिया था।

Desk Team