जनता मुझे देखना चाहती थी सीएम : अशोक गहलोत

Summary :

सचिन पायलट ऐसे पार्टी प्रदेशाध्यक्ष हैं जिन्होंने पांच साल तक कांग्रेस की कमान संभाले रखी, उनके खिलाफ किसी ने नहीं कहा कि प्रदेशाध्यक्ष बदला जाए।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि गत विधानसभा चुनाव के समय प्रदेश की जनता उन्हें ही मुख्यमंत्री देखना चाहती थी। श्री गहलोत ने तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार बीकानेर संभाग मुख्यालय के पत्रकारों से आज यहां मुलाकात के दौरान एक सवाल के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा कि सीएम किसे बनाना चाहिए यह पार्टी हाईकमान तय करता है।

उन्होंने कभी मांग नहीं की, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने उन्हें सीएम बनाया और जनता की मांग पर मुख्यमंत्री बनाया। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में कुछ लोग ऐसे हैं जो अपनी‘राजनीति’को चमकाने के लिए मीडिया को गुमराह करते हैं, लेकिन उन्होंने मीडियाकर्मियों से भी अपेक्षा की कि वे सत्य को ही प्रकाशित करें।

उन्होंने कहा कि भाजपा-आरएसएस को गुस्सा बहुत जल्दी आता है, पत्रकारों की पिटाई के अधिकांश मामले भाजपा-आरएसएस के कार्यकर्ताओं के नाम ही हैं, हमने हमारी आलोचना को भी सहजता से लिया है। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट ऐसे पार्टी प्रदेशाध्यक्ष हैं जिन्होंने पांच साल तक कांग्रेस की कमान संभाले रखी, उनके खिलाफ किसी ने नहीं कहा कि प्रदेशाध्यक्ष बदला जाए।

Desk Team