पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए आज कोलकाता में होने वाली प्रधानममंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से पहले ब्रिगेड मैदान में मिथुन चक्रवर्ती बीजेपी में शामिल हो गए। इस दौरान मंच पर मिथुन चक्रवर्ती ने पार्टी का झंडा लहराया।
राष्ट्रीय महासचिव और पश्चिम बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई। मिथुन चक्रवर्ती के मंच पर पहुंचने के बाद भीड़ में खासा उत्साह देखा गया। मिथुन ने हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष आदि बड़े नेता मंच पर मौजूद रहे।
बता दें कि अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को भाजपा में लाने की कोशिशें पिछले डेढ़ महीने में परवान चढ़ीं। बीते 16 फरवरी को मुंबई में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत से मिथन चक्रवर्ती ने भेंट की थी। जिसके बाद उनके भाजपा में जाने की अटकलें लगने लगीं थीं। अब प्रधानमंत्री मोदी की कोलकाता रैली के मौके पर भाजपा में शामिल होकर उन्होंने सभी अटकलों को विराम दे दिया। माना जा रहा है कि मिथुन की लोकप्रियता से बंगाल में भाजपा को चुनावी लाभ हो सकता है। मिथुन चक्रवर्ती की यह दूसरी राजनीतिक पारी शुरू हुई है, इससे पूर्व वह तृणमूल कांग्रेस के कोटे से अप्रैल 2014 में राज्यसभा पहुंचे थे।


Download Android App
Download iOS App



