पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से कुछ दिन पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का हिस्सा बनने वाले पूर्व अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। कोलकाता पुलिस ने उन्हें सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पूछताछ के लिए हाजिर होने को कहा है। चुनाव के दौरान एक विवादित बयान को लेकर पुलिस उनसे पूछताछ करेगी। बताते चलें कि इस मामले में पहले भी पुलिस ने अभिनेता मिथुन से पूछताछ की है। अप्रैल- मई में हुए चुनाव में मिथुन चक्रवर्ती की ओर से दिए गए एक भाषण को लेकर उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
इसमें मिथुन पर भड़काऊ भाषण देने का आरोप लगाया गया है। अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की ओर से कोलकाता के मानिकताला पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया गया है। दरअसल, एक चुनावी सभा में मिथुन ने अपनी एक फिल्म का डायलॉग दोहराते हुए कहा था कि मैं डसूंगा यहां और तुम्हारी लाश श्मशान में मिलेगी। इस बयान को लेकर ही उनके खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने 2 मई को आए विधानसभा चुनाव के परिणामों में 293 सीटों में से 213 पर जीत हासिल की है, जबकि बीजेपी ने 77 सीटें हासिल की हैं।
हालांकि विधानसभा चुनाव के बाद भी बंगाल में राजनीति तेज है। पक्ष और विपक्ष दोनों ओर से आरोप प्रत्यारोप लगाने का दौर चल रहा है। जहां एक तरफ बीजेपी ने चुनाव के बाद टीएमसी पर हिंसा का आरोप लगाया है, वहीं ममता सरकार ने केंद्र सरकार पर पक्षपात का आरोप लगाया है। बता दें कि 2 मई को चुनावों के नतीजे आने के बाद राज्य में कई जगहों पर हिंसा देखने को मिली थी जिसमें बहुत से लोगों को अपनी जसान गंवानी पड़ी।


Download Android App
Download iOS App



