मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में कांग्रेस नेता की गोली मारकर कर हत्या कर दी गई। मंगलवार देर रात हुई इस घटना के बाद परिजनों और समर्थकों ने जिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया। ब्लॉक अध्यक्ष इंद्र प्रताप सिंह बुंदेला की हत्या का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है।
घुवारा ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष इंद्र प्रताप को गोली उस वक़्त मारी गई जब वह बीती रात को एक ढाबे पर बैठे थे। घायल अवस्था में इंद्र प्रताप को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद इंद्र प्रताप के परिजनों और समर्थकों ने अस्पताल में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की।
नगर पुलिस अधीक्षक लोकंद्र सिंह के अनुसार बड़ा मलेहरा में इंद्र प्रताप को गोली मारी गई, पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हत्याकांड पर पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा, “छतरपुर जिले के घुवारा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्र प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या किये जाने की दुखद खबर प्राप्त हुई। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। मै सरकार से मांग करता हूं कि तत्काल आरोपियों का पता लगाकर उनकी गिरफ्तारी हो, उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो।”
राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कमल नाथ ने कहा, “प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक है, आज प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है। प्रदेश में हत्याएं, अपहरण, दुष्कर्म, लूट जैसी घटनाएं रोज घटित हो रही है? जिम्मेदार प. बंगाल, असम में चुनाव प्रचार में जाकर प्रदेश में सुशासन की बड़ी- बड़ी डींगे हांक रहे हैं।” बताया गया है कि हत्याकांड की वजह पुरानी रंजिश है। इंद्र प्रताप का अपने ही क्षेत्र के लोगों से बीते काफी समय से विवाद चल रहा था।


Download Android App
Download iOS App



