कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन को आज 28वां दिन है। केंद्र सरकार के इन कृषि कानूनों के खिलाफ मध्य प्रदेश कांग्रेस विधायक दल के सदस्य महंगाई एवं तीन नये कृषि कानूनों के विरोध में सोमवार को ट्रैक्टरों में बैठकर राज्य विधानसभा का घेराव करने वाले हैं।
मध्यप्रदेश विधानसभा का तीन दिवसीय सत्र सोमवार से शुरू होने वाला है। मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने गुरुवार को बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ ने पार्टी के सभी 95 विधायकों से 28 दिसंबर की सुबह पार्टी के भोपाल स्थित मुख्यालय पहुंचने को कहा है।
उन्होंने कहा कि इसके बाद सभी विधायक केन्द्र सरकार के तीन नये कृषि कानूनों एवं महंगाई के विरोध में ट्रैक्टरों में बैठकर विधानसभा सत्र में भाग लेने जाएंगे। यादव ने आरोप लगाया कि ये तीन कृषि कानून किसानों के लिए घातक हैं। पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की कीमतें आसमान छू गई हैं, जिससे आमजन को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


Download Android App
Download iOS App



