पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इन दिनों बंगाल में विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी हुई है। ममता कोलकाता में आयोजित एक बांग्ला संगीत मेले में शामिल हुईं। भारतीय जनता पार्टी की यहां पर जबरदस्त सक्रियता के साथ-साथ इस वक्त ममता बनर्जी पार्टी के बागियों का संकट भी देख रही है, लेकिन इसी बीच ममता एक संगीत कार्यक्रम में हल्के-फुल्के अंदाज में डांस करती नजर आई। कलाकारों के इस कार्यक्रम में ममता बनर्जी जानी-मानी संथाली नृत्यांगना बसंती हेम्ब्रम के साथ डांस करती दिखाई दी।
कार्यक्रम में कई संगीतकार, गायक और नृत्य कलाकार शामिल हुए। ममता बनर्जी ने आयोजन के दौरान लोक कलाकारों को सम्मानित किया। उन्होंने संथाली डांसर बसंती हेम्ब्रम को भी सम्मानित किया। राजनीतिक हिंसा और सियासी बयानबाजी के कड़वाहट भरे माहौल में ममता बनर्जी उनके साथ मंच पर धीरे-धीरे पैर थिरकाती नजर आई।
ममता आयोजन के दौरान भी भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधने से नहीं चूकीं। मंच से ही उन्होंने बीजेपी पर जोरदार प्रहार किया। ममता ने कहा कि बंगाल को कभी भी गुजरात की तरह नहीं बदला जा सकेगा। बीजेपी बार-बार बंगाल में अपने गुजरात मॉडल को लाने की बात कर रही है। ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल ने ही राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और देश को ‘जय हिंद’ का नारा दिया है।
उन्होंने बीजेपी पर फिर ‘आउटसाइडर’ का टैग लगाते हुए कहा कि ‘एक दिन पूरी दुनिया बंगाल को सलाम करेगी। बंगाल की मिट्टी जीवन का स्रोत है। हमें इस मिट्टी को बचाना है, हमें इस पर गर्व है। ऐसा कोई नहीं है जो बाहर से आए और कह दे कि हम इस जगह को गुजरात बना देंगे।


Download Android App
Download iOS App



