मध्य प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में मतगणना के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र की ईवीएम और वोटर वैरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपेट) की पर्ची का मिलान किया जाएगा। यह निर्णय भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के तहत लिया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) कार्यालय से दी गई जानकारी के अनुसार, मतगणना में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक मतदान केंद्र का चुनाव रेंडम आधार पर किया किया जाएगा।
चयनित मतदान केंद्र में उपयोग में लाए गए वीवीपेट की पर्ची का मिलान ईवीएम के कंट्रोल यूनिट में प्रदर्शित संख्या से किया जाएगा। यह कार्य उम्मीदवार, निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं केंद्रीय प्रेक्षक की उपस्थिति में होगा। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। सीईओ कार्यालय के अनुसार, मतगणना कक्ष के अंदर ही वीवीपेट की पर्ची से वोट का सत्यापन होगा।
इस मतगणना के लिए वीवीपेट काउंटिंग बूथ ठीक वैसे ही तैयार किया जाएगा जैसा बैंकों में होता है। इसके लिए निर्वाचन अधिकारी द्वारा सभी उम्मीदवारों को पूर्व में ही सूचना दी जाएगी। मतदान केंद्र के चयन के लिए सफेद कागज की पर्ची पर मतदान केंद्रों के नंबर लिखकर कंटेनर में डाले जाएंगे और पर्ची निकालकर केंद्र का रेंडम चयन होगा। यह कार्य ईवीएम से गणना के अंतिम राउंड के तत्काल पश्चात किया जाएगा। यह कार्य केंद्रीय प्रेक्षक की उपस्थिति एवं कड़ी निगरानी में होगा।


Download Android App
Download iOS App



